राई (सोनीपत) । राई औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्टरी से दो गाड़ियों में भरकर लाई गई मूंगदाल को चालक व ठेकेदार तोलने कांटे पर लेकर गए तो उसमें से 65 बैग बेच दिए। जब कंपनी में उनकी गिनती हुई और कम मिलने पर सीसीटीवी की जांच की तो मामले से पर्दा उठ सका। पूछताछ में चालक, ठेकेदार व दो सुपरवाइजर का नाम सामने आया। राई थाना पुलिस को शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया गया है।
मूलरूप से पंजाब के जीरकपुर स्थित गुलमोहर एवेन्यु निवासी करण सिंह राणा ने राई थाना पुलिस को बताया कि वह राई औद्योगिक क्षेत्र की कंपनी में काम करते हैं। उनकी कंपनी ने दिल्ली के अलीपुर की फर्म से दो गाड़ियों में 50-50 किलो के 803 बैग मंगवाए थे। इसमें एक गाड़ी में 403 और दूसरी में 400 बैग थे। 31 जनवरी को बैग की गिनती हुई तो एक गाड़ी से 31 और दूसरी गाड़ी से 34 बैग कम मिले। इस पर 1 फरवरी को गाड़ी के चालक भूरे लाल व ठेकेदार घनश्याम मुंशी से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि इसमें सुपरवाइजर प्रकाश चंद और कृष्ण कुमार भी शामिल हैं। तोल कराने के लिए भूरेलाल के साथ प्रकाश चंद गया था। वहां पर उन्होंने गड़बड़ी की थी। पुलिस ने इस संबंध में चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।