संवाद न्यूज एजेंसी
गन्नौर। गढ़ी केसरी रोड पर निजी अस्पताल के पास नाला अवरुद्ध होने से दूषित पानी सड़क पर भर गया है। इससे राहगीरों, वाहन चालकों और मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बने गड्ढे पानी में डूब जाने से दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
स्थानीय निवासी जोगेंद्र शर्मा, अमित, अशोक त्यागी ने नगर पालिका से नाले की तत्काल सफाई कराने और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो लोगों को और अधिक परेशानी उठानी पड़ेगी। लंबे समय से नाले की सफाई नहीं होने के कारण जलनिकासी बाधित है।
सड़क पर पानी भरने से आसपास संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। इस संबंध में नपा सचिव प्रदीप खर्ब ने कहा कि उनके संज्ञान में यह समस्या नहीं थी। वह सफाई कर्मियों को भेज कर नाले की सफाई करवा देंगे।
0
- नालों की सफाई न होने से जाम हो गई ओर दूषित पानी सड़क पर भर गया। जिस वजह से राहगीरों व अस्पताल में आने वाले मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन को जल्द समस्या का समाधान करना चाहिए।-डॉ. संजय, शहरवासी
0
सड़क पर भरा दूषित पानी बदबू फैला रहा है और बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। संबंधित विभाग को इस ओर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।-राजबीर त्यागी, शहरवासी
फोटो : सोनीपत के गन्नौर में गढ़ी केसरी रोड पर भरा दूषित पानी। संवाद
फोटो : सोनीपत के गन्नौर में गढ़ी केसरी रोड पर भरा दूषित पानी। संवाद