खरखौदा क्षेत्र के थाना खुर्द और थाना कलां गावों के बीच ड्रेन नंबर 8 पर चल रहा पुल का निर्माण का
खरखौदा। थाना खुर्द और थाना कलां गांवों के बीच आवाजाही को सुगम बनाने के ड्रेन नंबर-8 पर नए पुल का निर्माण शुरू हो गया है। लंबे समय से बदहाल इस पुल की वजह से लोगों को परेशानी हो रही थी। लोगों का कहना है कि इससे वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।
थाना कलां के नरेंद्र, सुनील, समुंदर, रामधारी के अलावा थाना खुर्द के कृष्ण, परमिंदर, राजेश और अन्य ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर हो चुके पुराने पुल के बीच से ड्रेन का पानी साफ दिखता है। बरसात के दिनों में हल्की चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी।
भारी वाहन चालक इस पुल के ऊपर से वाहन गुजारने में कतराने लगे थे। इसको लेकर संबंधित विभागों से कई बार शिकायत की जा चुकी थी। आखिरकार सिंचाई विभाग ने जर्जर पुल की स्थिति का संज्ञान लिया और तकनीकी जांच के बाद नए पुल के निर्माण की स्वीकृति दी।
नए पुल के बनने से थाना खुर्द और थाना कलां के साथ-साथ आसपास के दूसरे गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। रोजाना आने-जाने वाले राहगीरों को भी राहत मिलेगी। साथ ही किसानों के लिए खेतों तक पहुंच आसान हो जाएगी।