फोटाे : सोनीपत के गोहाना में पत्रकारों से बात करते कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह। सं
गोहाना । यदि सरकार ने बुजुर्गों की पेंशन बहाल नहीं की तो कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरेगी। भाजपा सरकार ने बुढ़ापा पेंशन काटकर बुजुर्गों के साथ विश्वासघात किया है। यह बात कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने शनिवार को सेक्टर-7 स्थित आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संजय दूहन के प्रतिष्ठान पर कही।
उन्होंने कहा कि एक तरफ चुनाव से पहले लाडो लक्ष्मी योजना की घोषणा की जाती है और दूसरी तरफ बुजुर्गों की पेंशन काटी जा रही है। बुजुर्गों का सम्मान सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्हें उनके हक का पैसा मिलना चाहिए। सरकार पर कटाक्ष करते हुए राव ने कहा कि मुख्यमंत्री की नौकरशाही पर कोई पकड़ नहीं है। ये तो चपरासी तक नहीं बदल सकते।
उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए कांग्रेस ब्लॉक और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करेगी। नगर निगम चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस सोनीपत, पंचकूला और अंबाला में अपने चुनाव चिह्न पर उम्मीदवार उतारेगी। पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव से दूरी के सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। आज भी उनसे फोन पर बात हुई है।