फोटो : सोनीपत के गन्नौर नपा कार्यालय में हड़ताली सफाई कर्मियों को समर्थन देते पूर्व जिला पार्षद
गन्नौर। मांगों को लेकर 25 दिन से धरने पर बैठे हड़ताली सफाई कर्मचारियों के बीच रविवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व जिला पार्षद महिपाल पांची पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी मांगों का समर्थन किया और सरकार से जल्द समाधान की मांग की।
महिपाल पांची ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर को स्वच्छ रखने के साथ लोगों को स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद उन्हें अपनी जायज मांगों के लिए धरने पर बैठना पड़ रहा है। सरकार को कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि चुनाव के समय नेता कर्मचारियों से बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन समस्या आने पर उनके बीच नजर नहीं आते। उन्होंने कर्मचारियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं सोनीपत और गोहाना में भी सफाई कर्मचारियों के धरने जारी रहे।