सोनीपत। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) मुद्दे पर समीक्षा बैठक की। बहालगढ़ रोड स्थित दिवान फार्म पर पार्टी जिलाध्यक्ष कमल दिवान व ग्रामीण जिलाध्यक्ष संजय दहिया ने संगठन मजबूत करने के साथ एसआईआर गाइडलाइन के सही ढंग से लागू होने पर जोर दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र व सह प्रभारी जितेंद्र ने की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि आठ अगस्त को एसआईआर को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यशाला दिल्ली-सोनीपत रोड स्थित दीवान फार्म में सुबह 10 बजे शुरू होगी। उन्होंने कहा कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य राज्य में चल रहे मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को बारीकी से समझना व इसे संगठन के निचले स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।
इसके साथ ही, विभिन्न राज्यों में मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं व धांधली के विरुद्ध एक सशक्त संगठनात्मक रणनीति तैयार की जाएगी। कार्यशाला का उद्घाटन हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा करेंगे। अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह करेंगे। हरियाणा मामलों के प्रभारी संजय दत्त भी उपस्थित रहेंगे। कार्यशाला में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव व सांसद कुमारी सैलजा, सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता व विषय-विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे।