गन्नौर। गांव गढ़ी कलां निवासी दीपक ने एनएच-44 के किनारे कृषि भूमि पर अवैध रूप से कंटेनर, ट्रक व अन्य भारी वाहनों की पार्किंग करने का आरोप लगाते हुए सीएम विंडो पर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि एक निजी कंपनी ने करीब 20 से 25 एकड़ कृषि भूमि किराये पर लेकर वहां भारी वाहनों की पार्किंग विकसित कर दी है। इससे क्षेत्र में जनजीवन, सड़क सुरक्षा और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि भारी वाहनों की आवाजाही से लगातार धूल-मिट्टी उड़ रही है। इससे ग्रामीणों को सांस लेने में परेशानी हो रही है । घरों, कपड़ों और खेतों में मिट्टी की परत जम रही है। शिकायत में कहा गया है कि बरसात के दौरान एनएच-44 पर मिट्टी फैल जाने से बाइक और कारों के फिसलने का खतरा बढ़ गया है।
इसके अलावा पैदल यात्रियों को सड़क पार करने में परेशानी होती है। एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड व पुलिस जैसे आपातकालीन वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कृषि भूमि का उपयोग व्यावसायिक पार्किंग के रूप में किया जाना नियमों के विरुद्ध है।
उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध पार्किंग पर कार्रवाई करने तथा लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।