संवाद न्यूज एजेंसी
गोहाना। बुटाना-हांसी नहर में छह महीने से पानी नहीं आने से परेशान कई गांवों के किसानों ने मंगलवार को एकजुट होकर गोहाना पहुंचे और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने मांग की कि नहर की जल्द सफाई करवाकर उसमें सिंचाई के लिए नियमित पानी छोड़ा जाए।
किसान भगत सिंह, रामचंद्र, जोगेंद्र, सुरेश व उमेश ने बताया कि गांव आहुलाना, मदीना, छिछड़ाना, कथूरा, मिर्जापुर खेड़ी, सांघी में इसी नहर से सिंचाई की जाती है मगर छह महीने से इसमें पानी नहीं आ रहा है। इससे खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि अब फसलों की बुआई का समय चल रहा है। यदि जल्द नहर में पानी नहीं छोड़ा गया तो इसका उनको नुकसान उठाना पड़ सकता है। किसान उमेश, हरिपाल, महेंद्र, रमेश, अमीर सिंह, दरबार, जयकरण, भूप सिंह ने प्रशासन से मांग की कि नहर की जल्द सफाई करवाई जाए। एसडीएम ने किसानों को संबंधित विभाग को मामले पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देने का भरोसा दिया।