फोटो नंबर-11कार्यक्रम के दौरान स्टॉलों का निरीक्षण करते डीसी डॉक्टर विवेक भारती।स्रोत-प्रशासन
निजामपुर। हरियाणा सरकार मोटे अनाज को बढ़ावा देने के लिए लगातार किसानों को जागरूक कर रही है। इसके लिए जिला व खंडस्तर पर आमजन को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मोटे अनाज में फाइबर, कैल्शियम, विटामिन, आयरन व प्रोटीन भरपूर मात्रा में होता है।
कहा कि यह पाचन तंत्र के लिए बेहद फायदेमंद होता है। यह बात डीसी ने कृषि व किसान कल्याण विभाग की ओर से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन स्कीम के तहत निजामपुर में एक दिवसीय जिला स्तरीय उत्सव कार्यक्रम में कही। इस मौके पर कृषि उप निदेशक डॉ. देवेंद्र सिंह व निजामपुर पंचायत समिति चेयरमैन विनोद मौजूद थे।
डीसी ने कहा कि मोटा अनाज खाने से कई फायदे होते हैं। मोटे अनाज को सुपर फूड माना जाता है। उन्होंने कहा कि बाजरा में आयरन भरपूर होता है, इसलिए शरीर में यह खून की कमी को दूर करने में सहायता करता है। वहीं ज्वार शरीर की हड्डियों के लिए अच्छी मात्रा में कैल्शियम, खून के लिए फॉलिक एसिड के अलावा कई अन्य पोषक तत्व प्रदान करता है। इसी तरह से रागी में कैल्शियम की भरपूर मात्रा पाई जाती है।
उन्होंने कहा कि जिले में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बाजरा के विभिन्न प्रोडक्ट बना रही है। इससे जहां उनका रोजगार मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर लोगों को बाजरे के विभिन्न प्रोडक्ट मिल रहे हैं। इस मौके पर विभिन्न विभागों, निगमों ने स्टॉल लगाकर अपने विभाग से संबंधित योजनाओं के बारे में जागरूक किया। इस मौके पर किसान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसमें विजेता किसानों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मंच संचालन डॉक्टर जसवंत ने किया। इस अवसर पर एलडीएम उमेद सिंह, कृषि विभाग से डॉ. हरपाल, डॉ. संजय यादव के अलावा अन्य अधिकारी व निजामपुर सरपंच सुरेंद्र सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में किसान मौजूद थे।