सीएम मनोहर लाल ने श्रवण वाणी निशक्तजन कल्याण केंद्र में 32 छात्राओं के लिए एक करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए छात्रावास का उद्घाटन किया। सीएम ने कहा कि पूरे प्रदेश में इस तरह के आठ केंद्र चलाए जा रहे हैं और सैकड़ों बच्चे शिक्षा व कौशल शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भी युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ कौशल शिक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है।
पलवल में बनाए गए विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय में 800 कोर्स शुरू किए गए हैं। यह कोर्स पढ़ाई के साथ-साथ व्यवसाय व नौकरी में सहायक होते हैं। सीएम ने श्रवण वाणी निशक्तजन कल्याण केंद्र सोनीपत के लिए दस लाख रुपये देने की घोषणा की। इससे पहले सीएम मनोहर लाल ने विधायक मोहन लाल बड़ौली के आवास पर उनके बेटों की शादी के लिए आशीर्वाद दिया।
इस दौरान विधायक मोहन लाल बड़ौली, पूर्व मंत्री कविता जैन, विधायक निर्मल चौधरी, हरियाणा पब्लिक इंटरप्राइजेज के वाइस चेयरमैन ललित बत्रा, देवेंद्र कौशिक, हिसार मंडल के आयुक्त विनय सिंह, उपायुक्त डॉ. अंशज सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त जयबीर सिंह आर्य, एसडीएम विजय सिंह मौजूद रहे।
सीएम अचानक पहुंचे लघु सचिवालय, कहा- अब प्रमोशन के लिए भी होगा टेस्ट
सीएम मनोहर लाल को सोनीपत से हेलीकॉप्टर में दिल्ली जाना था। लेकिन उनका हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन में नहीं उतर सका, क्योंकि उसे उतरने के लिए लाइन नहीं दी गई। इस कारण सीएम मनोहर लाल अचानक लघु सचिवालय में पहुंच गए, जहां सीएम को देखकर हड़कंप मच गया।
सीएम के साथ ही विधायक मोहन लाल बड़ौली, पूर्व मंत्री कविता जैन, विधायक निर्मल चौधरी लगभग पंद्रह मिनट तक डीसी कार्यालय में बैठे रहे। वहां सीएम ने अधिकारियों को बातचीत में बताया कि सरकार अब नौकरी की तरह प्रमोशन में पारदर्शिता दिखाएगी। किसी कर्मी का प्रमोशन होगा तो उससे पहले उसको टेस्ट देना पड़ेगा और उसके आधार पर प्रमोशन किया जाएगा। इसके साथ ही बीडीपीओ की काफी शिकायत मिल रही हैं, जिसको देखते हुए ट्रेनी एचसीएस को बीडीपीओ की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।