गन्नौर। पुरानी अनाज मंडी स्थित एक पुस्तक गोदाम में छापा मारकर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने पटाखों का जखीरा पकड़ा है। कारोबारी ने इसको करनाल से लेकर आने के बाद यहां रखा था। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता देर रात तक गोदाम में पटाखों की गिनती करा रहा था। गोदाम में कॉपी, किताबों का भी स्टॉक मिला है। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में रात तक कार्रवाई जारी थी।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते को सूचना मिली कि पटाखों का अवैध भंडारण पुस्तक के गोदाम में किया गया है। सूचना पर इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में एसआई सुनील, जयभगवान व एचसी राजेश, सतेंद्र की टीम बनाई गई। साथ ही उपायुक्त के आदेश पर नायब तहसीलदार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट बनाया गया। उनके नेतृत्व में पुलिस, नगर पालिका और अग्निशमन विभाग की टीम के साथ शहर की पुरानी अनाज मंडी में एक किताब के गोदाम पर छापा मारा गया। किताब के गोदाम से काफी मात्रा में अवैध रूप से रखे पटाखों को पकड़ा। जब गोदाम में मौजूद कारिंदों से इसके लाइसेंस व परमिट दिखाने को कहा गया तो वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। टीम ने पटाखों को जब्त करने की कार्रवाई शुरू की, लेकिन काफी मात्रा में स्टॉक होने व उसके खुले में रखा होने के कारण टीम रात तक गिनती करने में जुटी रही। पटाखों की कीमत करीब दस लाख रुपये बताई जा रही है। टीम ने थाना गन्नौर को भी सूचना दी है।
तीन दिन पहले करनाल से आया था स्टाक
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के सदस्यों का कहना है कि शुरुआती पूछताछ में पता लगा कि पटाखों का स्टाक तीन दिन पहले करनाल से गन्नौर की छोटी अनाज मंडी में लाया गया। यह रिहायशी इलाके में है। उसमें पटाखों का स्टॉक करना हादसे का कारण बन सकता है। टीम पटाखों के खुले पड़े स्टाक की गिनती में लगी है।
16 सितंबर को सोनीपत शहर में पकड़े थे पटाखे
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम अवैध पटाखों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। इससे पहले 16 सितंबर को सोनीपत शहर के आनंद नगर स्थित आवासीय क्षेत्र में पटाखों का भंडार पकड़ा है। कारोबारी ने इसको पंजाब के जिला संगरूर के धूरी से लेकर आने के बाद वहां रखा था। उड़नदस्ते को गोदाम में भारी मात्रा में पटाखे मिले थे।
गन्नौर पुरानी अनाज मंडी में गोदाम के अंदर पटाखों का स्टॉक कर रखा था। उसे पकड़ा गया है। वहां पर पटाखों की गिनती कराई जा रही है। किसी भी अवैध गतिविधि को किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लगातार अभियान जारी रहेगा।
अजीत सिंह, डीएसपी मुख्यमंत्री उड़नदस्ता