माई सिटी रिपोर्टर
सोनीपत। गांव लिवान में कपड़ा दुकानदार झारखंड के गोड्डा जिले के रहने वाले राजू कुमार (30) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। वह लिवान गांव में किराये पर कमरा लेकर अकेले रहते थे। पास ही में कपड़े की दुकान की हुई थी।
पास में रहने वाले उनके चचेरे भाई दिनेश ने उन्हें कमरे में मृत देखा दो इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने चचेरे भाई की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
राजू के चचेरे भाई दिनेश ने बताया कि करीब पांच साल पहले राजू कुमार रोजी-रोटी कमाने के लिए लिवान आए थे। यहां पर किराये पर एक कमरा लेकर रहने लगे थे। थोड़ी दूरी पर बाजार में एक कपड़े की दुकान चलाते थे। वह अविवाहित थे।
दिनेश ने बताया कि रोजाना की तरह राजू शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे दुकान बंद कर कमरे पर सोने के लिए चले गए थे। शनिवार सुबह करीब 10 बजे जब वह उनके कमरे पर पहुंचा तो देखा कि वह मृत पड़े थे। उसके हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से वार के निशान थे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की जांच के बाद शव को अस्पताल भेज दिया। दिनेश ने राजू की किसी से विवाद या रंजिश आदि की बात नहीं कही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
वर्जन
सूचना मिली थी कि लिवान गांव में एक युवक का शव कमरे में पड़ा हुआ है। युवक की पहचान मूलरूप से झारखंड के रहने वाले राजू के रूप में हुई है। उसकी चाकू से वारकर हत्या की गई है। मामले में जांच के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है। जल्द ही हत्या के सही कारणों का पता लगाकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -विपिन अहलावत, एसीपी, राई
राजू कुमार। फाइल फोटो