फोटो : 32: मेडिकल कालेज खानपुर में भर्ती छात्र।
सोनीपत। गढ़ी ब्राह्मण स्थित राजकीय स्कूल में सहपाठी ने छात्र को चाकू मार दिया। घटना के समय कक्षा में अध्यापक नहीं थे। इसी दौरान दो सहपाठियों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। बीचबचाव करने गए छात्र को सहपाठी ने चाकू मार दिया।
सुभाष नगर के रहने वाले 15 वर्षीय अमन गढ़ी ब्राह्मण के राजकीय स्कूल में 9वीं कक्षा में पढ़ते हैं। अमन ने बताया कि सोमवार को भी वह कक्षा में थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो छात्रों में झगड़ा हो गया। इनमें से एक छात्र ने दो दिन पहले उनकी शर्ट फाड़ दी थी।
अमन ने कहा कि वह बीच-बचाव करने लगे तो उनकी शर्ट फाड़ने वाले छात्र ने रंजिश में उनके पेट में चाकू से वार कर दिया। चाकू मारने के बाद आरोपी मौके से भाग गया। इसके बाद अन्य छात्र उसे लेकर प्राचार्य के पास गए। अध्यापकों ने अमन को अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर अमन को बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर कलां रेफर कर दिया गया।
उधर, आरोपी छात्र ने इंस्टाग्राम पर धमकी भरी पोस्ट डाली है। उसने लिखा है कि स्कूल से उसका नाम कट गया है। अब बात इज्जत पर आ गई है। तुझे जान से मार दूंगा। सुभाष नगर भी गया था मगर तेरा घर नहीं मिला। धमकी से अमन और उसके परिजन डरे हुए हैं।
शिकायत दर्ज की गई है। सुधार होने पर अमन का बयान दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल छात्रों और स्टाफ सदस्यों से जानकारी जुटाई जा रही है। -नरेंद्र सिंह, प्रभारी, कोर्ट कांप्लेक्स चौकी।