फोटो 05- सोनीपत के सारंग रोड स्थित रेलवे अंडरपास के पास धरना देकर रोष जताते जिला पार्षद संजय बड
सोनीपत। सारंग रोड स्थित पार्क के पास रेलवे अंडरपास के नीचे काफी समय से दूषित पानी भरने की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। अंडरपास में दूषित पानी भरा रहने के विरोध में दुकानदारों ने मंगलवार को अपने काम छोड़ जिला पार्षद संजय बड़वासनी के नेतृत्व में काले झंडे लेकर सरकार व प्रशासन के खिलाफ धरना दिया।
संजय बड़वासनी, दुकानदार राजवीर, संदीप, सुरेश, रविंद्र व परमेंद्र ने बताया कि रेलवे अंडरपास के नीचे काफी वर्ष से दूषित पानी भरा रहता है। कई बार दूषित पानी दुकानों तक आ जाता है। इसके कारण दुकानदारों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। निकासी की अव्यवस्था के चलते, मच्छर-मक्खी पनपने के कारण कई दुकानदार बीमार हो चुके हैं।
दुर्गंध के कारण दुकानदारों का दुकानों पर बैठना मुश्किल हो रहा है। दुकानदार कई बार सरकार व प्रशासन से समाधान करवाने की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। दुकानदारों को मजबूरन धरना देने के लिए विवश होना पड़ा। दुकानदारों ने प्रशासन को पांच दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर अधिकारियों ने निकासी का प्रबंध नहीं करवाया तो दुकानदार दूषित पानी को ड्रमों में भरकर नगर निगम कार्यालय के बाहर छोड़ेंगे। साथ ही प्रदर्शन कर निगम कार्यालय का घेराव किया जाएगा।