सोनीपत। नगर सुधार मंच के चेयरमैन संजय सिंगला ने पुलिस प्रशासन से ई-रिक्शा पर सख्ती बरतने की मांग की है। उन्होंने कहा कि नगर में ई-रिक्शा की लगातार बढ़ती संख्या और इनका अनियंत्रित संचालन यातायात व्यवस्था को बिगाड़ रहा है। यह दुर्घटनाओं का भी बड़ा कारण बन रहे हैं।
संजय सिंगला ने बताया कि शहर में चल रहे अधिकांश ई-रिक्शा पर न तो पंजीकरण नंबर अंकित होता है और न ही उन्हें चलाने वाले चालकों के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस होता है। कई स्थानों पर नाबालिग बच्चे भी ई-रिक्शा चलाते देखे जा रहे हैं, जो यातायात नियमों के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा आसानी से किराए पर उपलब्ध हो जाने के कारण ऐसे लोग भी इन्हें चलाने लगते हैं, जिन्हें वाहन संचालन का अनुभव नहीं होता। इसके चलते सड़कों पर गलत तरीके से पार्किंग, अचानक मोड़, तेज और लापरवाह ड्राइविंग जैसी समस्याएं आम हो गई हैं। इससे आए दिन जाम और दुर्घटनाएं हो रही हैं।
संजय सिंगला ने सरकार और प्रशासन से अपील की कि नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शा चालकों पर केवल नकद जुर्माना लगाने के बजाय उनके ई रिक्शा को 1 या 2 दिन के लिए जब्त किया जाए ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही उन्होंने शहर में ई-रिक्शा के लिए अलग-अलग निर्धारित पार्किंग स्टैंड बनाने की भी मांग की।