सोनीपत। कैंसर मरीजों को अब उपचार के लिए जिले से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। जिला नागरिक अस्पताल में कैंसर दिवस पर बुधवार को डे केयर कैंसर सेंटर (डीसीसीएस) की शुरुआत होने जा रही है।
मंगलवार को पीजीआई रोहतक में कैंसर विभाग से (हेमेटोलॉजिस्ट) डॉ. सुधीर अत्री व डॉ. अभिषेक सोनी ने जिला अस्पताल में शुरू की गई व्यवस्था का जायजा किया। पीजीआई में दो माह का प्रशिक्षण ले चुके डॉ. संदीप शर्मा कैंसर रोगियों की कीमोथैरेपी करेंगे।
साढ़े चार साल से कैंसर विशेषज्ञ नहीं
नागरिक अस्पताल में साढ़े चार साल से कैंसर विशेषज्ञ नहीं है। इसकी वजह से कैंसर के मरीजों की कीमोथेरेपी नहीं हो पा रही है। अस्पताल के गैर संचारी रोग (एनसीडी) क्लीनिक में रोजाना 100 से ज्यादा संदिग्ध मरीजों की स्क्रीनिंग डॉ. वृंदा करती हैं।ऐसे में जब पीड़ित मरीज कैंसर के तीसरे व चौथे चरण पर पहुंचता है तो उस समय उन्हें पैलिएटिव केयर (प्रशामक देखभाल) दी जाती है। पैलिएटिव केयर कैंसर के मरीजों को दर्द से राहत प्रदान करने के लिए प्रदान किया जाता है।
70 फीसदी मरीज गले के कैंसर से
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों की स्क्रीनिंग की जा रही है। जिले में 1 अप्रैल 2024 से 31 जनवरी 2025 तक 564 मरीज मिले थे। इस बार 1 अप्रैल 2025 से 31 जनवरी 2026 तक कैंसर के 562 मरीज मिल चुके हैं। इनमें 70 फीसदी मरीज गले के कैंसर से संबंधित हैं। अस्पताल में पैपस्मीयर टेस्ट महिलाओं में गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की जांच के लिए किया जाता है।
एक साल पहले हुई थी घोषणा
लोकसभा में 1 फरवरी 2025 को केंद्रीय बजट में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से देश के सभी जिला अस्पतालों में डे केयर कैंसर सेंटर (डीसीसीएस) खोलने की घोषणा की गई थी। ठीक एक साल बाद अब जिला नागरिक अस्पताल में बुधवार को डीसीसीएस की शुरुआत होने जा रही है। फिलहाल इस सेंटर को सर्जिकल वार्ड के आईसीयू में चालू किया जा रहा है। उसके बाद इस सेंटर को मेडिकल वार्ड में शिफ्ट कर दिया जाएगा।
पीजीआई के कैंसर विभाग में होगा पंजीकरण
जिला नागरिक अस्पताल में अब कैंसर से पीड़ित मरीजों का इलाज स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगा लेकिन इसका पंजीकरण रोहतक पीजीआई के कैंसर विभाग में कराना अनिवार्य होगा। पीजीआई के विशेषज्ञ जांच के बाद तय करेंगे कि मरीज को किस प्रकार का कैंसर है और किस चरण में है। पहली कीमोथैरेपी पीजीआई रोहतक में की जाएगी। उसके 21 दिन बाद पीजीआई के चिकित्सक जांच के बाद मरीजों को संबंधित जिला अस्पताल में भेजेंगे।
जिला नागरिक अस्पताल में बुधवार को डे केयर कैंसर सेंटर की शुरुआत होने जा रही है। अब यहां पर पीजीआई रोहतक से भेजे जाने वाले कैंसर रोगियों की कीमोथैरेपी की जाएगी। सर्जिकल वार्ड के आईसीयू में कुछ समय के लिए छह बेड के सेंटर की शुरुआत की जा रही है। उसके बाद इस सेंटर मेडिकल वार्ड में शिफ्ट कर दिया जाएगा।
- डॉ. स्वराज चौधरी, उप सिविल सर्जन