सोनीपत। विद्युत निगम में बकाया बिल के चेक लेकर उनको दूसरे के खातों में जमा कराकर पैसे निकाल लिए गए। इससे करीब 2.14 लाख का गड़बड़झाला किया गया। उपभोक्ताओं ने बिल का भुगतान बकाया दिखाने पर निगम में शिकायत की तो गबन सामने आया। विद्युत निगम की विजिलेंस टीम की जांच के बाद एसडीओ ने दो आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कराया है।
बिजली निगम की एसडीओ सुनैना ने सेक्टर-27 थाना पुलिस को बताया कि बिजली बिल जमा कराने में गड़बड़ी की शिकायत मिली थी। उपभोक्ता निपुण नारंग ने शिकायत दी थी कि उन पर बिजली बिल बकाया था। इसके चलते उन्होंने 69 हजार रुपये का चेक दिया था। इस चेक को एक अन्य उपभोक्ता के बिजली बिल खाते में जमा करा गया गया। इसके बदले में उनसे नकद धनराशि ले ली गई। ऐसा ही दूसरा मामला उपभोक्ता निखिल कुमार का सामने आया। उनसे 1 लाख 45, 867 रुपये का डीडी लिया गया। इस डीडी को निखिल कुमार के खाते की बजाय गुलशन ढाबा संचालक के खाते में जमा करा दिया। इसके बदले में ढाबा संचालक ने धनराशि लेकर अपने पास रख ली।
एसडीओ सुनैना ने बताया कि शिकायत के आधार पर इसकी जांच विजिलेंस रोहतक से कराई गई थी। जांच में सामने आया कि एलडीसी देवेंद्र और सीए अशोक कुमार ने गड़बड़ी की है। जिस पर मुकदमा दर्ज कराया गया गया है।