सोनीपत। छोटूराम आर्य महाविद्यालय में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में विभिन्न स्पर्धाएं कराई गईं। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे टीकाराम एजुकेशन समिति के प्रधान सुरेंद्र सिंह दहिया व विशिष्ट अतिथि भारतीय हॉकी टीम के सदस्य एवं अर्जुन अवॉर्डी ओलंपियन अभिषेक नयन ने किया।
प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की ऊंची कूद स्पर्धा में प्रवीण व लंबी कूद में हैप्पी ने बाजी मारी, जबकि अमित बाल्यान को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के खिताब से नवाजा गया। मुख्यातिथि ने विजेता रहे खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
महाविद्यालय की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में पहुंचने पर मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि का प्राचार्य डॉ. नरेंद्र सिंह ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। स्वयंसेवकों ने परेड के दौरान मार्च पास्ट कर अतिथि सत्कार व स्वागत किया गया। खेलकूद प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर दौड़, बाधा दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद प्रतियोगिताएं करवाई गई। मुख्यातिथि सुरेंद्र सिंह दहिया ने विजेताओं को पदक पहनाकर सम्मानित किया।
वार्षिक खेलकूद स्पर्धा का आयोजन शारीरिक एवं खेलकूद विभाग से डॉ. विकास गहलावत व प्रो. प्रदीप पाराशर की तरफ से करवाया गया। इस मौके पर टीकाराम बीएड काॅलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र राणा, टीकाराम कन्या महाविद्यालय से डॉ. गीता, सीआरजेड स्कूल प्राचार्य डॉ. अजीत सिंह संधू, टीकाराम माॅडल स्कूल प्राचार्य आशा छाबड़ा व छोटूराम आर्य महाविद्यालय के प्राध्यापक मौजूद रहे।
यह रहा परिणाम
-100 मीटर दौड़ : पुरुष वर्ग में साहिल प्रथम, कुनाल द्वितीय व तुषार तृतीय रहे, जबकि महिला वर्ग में रीतिका प्रथम, रितु द्वितीय, अंजली तृतीय रही।
-200 मीटर दौड़ : पुरुष वर्ग में अमित ने पहला, साहिल ने दूसरा, तुषार ने तीसरा स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में पूजा प्रथम, प्रेरणा द्वितीय, अंजली तृतीय स्थान पर रही।
-400 मीटर दौड़ : पुरुष वर्ग में अमीत बाल्याण पहले, तुषार दूसरे, अंकित तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में पूजा प्रथम, प्रेरणा द्वितीय व मोनू तृतीय स्थान पर रही।
-800 मीटर दौड़ : पुरुष वर्ग में सुमित दहिया प्रथम, रजत द्वितीय, हितेश तृतीय रहे। महिला वर्ग में पूजा प्रथम व आरज़ू द्वितीय रही।
-1500 मीटर दौड़ : रजत प्रथम, सुमित दहिया द्वितीय, हितेश तृतीय स्थान पर रहे।
-लंबी कूद : पुरुष वर्ग में हैप्पी ने पहला, साहिल ने दूसरा, अंकित ने तीसरा स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में अंजलि प्रथम, रितिका द्वितीय, रितु तृतीय स्थान पर रही।
-ऊंची कूद : प्रवीण प्रथम, हितेश द्वितीय व हर्ष तृतीय स्थान पर रहे।
-शॉट पुट : हितेश प्रथम, हेमंत द्वितीय व दीपक तृतीय स्थान पर रहे।
-जैवलिन थ्रो : पुरुष वर्ग में सनोज प्रथम, दीपक द्वितीय, अंकित तृतीय रहे।
डिस्कस थ्रो : हितेश ने पहला, दीपक ने दूसरा, सद्दाम हुसैन ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।