सोनीपत। बाजारों में बढ़ रही चोरी की वारदात को रोकने के लिए नगर निगम ने प्रत्येक बाजार में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया है। जिस मार्केट में सीसीटीवी लगाए जाएंगे, उसी मार्केट की दुकान में कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। इसके अलावा सीवर ओवरफ्लो की बढ़ती समस्या को रोकने के लिए नालों में गोबर बहाने पर रोक लगाई जाएगी। हर पशु मालिक के यहां से गोबर उठाया जाएगा। इसके लिए एजेंसी को टेंडर दिया जाएगा। पशु मालिक को प्रति पशु हर महीने 200 रुपये देने पड़ेंगे।
विभिन्न वार्डों में कराए जाने वाले विकास कार्यों को लेकर मंगलवार को नगर निगम हाउस की बैठक हुई। 220 से ज्यादा एजेंडों पर चर्चा करते हुए लोगों की सुविधा के लिए अहम निर्णय लिए गए। एडीसी कार्यालय परिसर स्थित डीआरडीए हॉल में हुई बैठक में 170 से ज्यादा एजेंडे मंजूर किए।
मेयर राजीव जैन ने निगम अधिकारियों को स्वीकृत किए एजेंडे पर एस्टीमेट तैयार करके जल्द धरातल पर काम शुरू करने के लिए कहा। बैठक के दौरान ऑटो चालकों की तर्ज पर हर रेहड़ी-फड़ी वालों का डाटा एकत्रित करने का निर्णय लिया गया है, जिसमें हर ऑटो चालक से परिवार पहचान पत्र व आधार कार्ड लिया जाएगा। मेयर ने बताया कि निगम क्षेत्र में 500 गज या इससे कम जमीन पर बसे लोगों को मालिकाना हक देने के लिए सरकार की तैयारी है। बैठक में निगम आयुक्त हर्षित कुमार, संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश कुमार, सीनियर डिप्टी मेयर राजीव सरोहा, डिप्टी मेयर मनजीत गहलावत भी मौजूद रहे।
निगम पार्षद मोनिका नागर व नवीन तंवर ने 33 फुट रास्ते पर सीवर ओवरफ्लो व सूरी पेट्रोल पंप वाली गली में बारिश के पानी भरने का मुद्दा उठाया। मेयर ने अधिकारियों को लाइनों की सफाई ठीक ढंग से कराने के निर्देश दिए। साथ ही बारिश के पानी की निकासी के लिए बने नालों के स्थान पर पाइपलाइन डालने का प्रस्ताव पास किया गया। वाटर कूलर लगवाने की मांग पर मेयर ने मंत्री कोटे के तहत 10 लाख रुपये से विभिन्न स्थानों पर वाटर कूलर रखने का निर्णय लिया। यह राशि नगर निगम को तत्कालीन शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने जारी की थी।
पार्षदों ने विभिन्न मुद्दों पर अधिकारियों को घेरा
पार्षदों ने सीसीटीवी, बंदरों, गोवंशों को पकड़ने, सफाई व्यवस्था और कुत्तों की नसबंदी को लेकर मुद्दे उठाए। शहर में लंबे समय से सीसीटीवी बंद पड़े हैं। कार्यकारी अभियंता अजय निराला ने बताया कि तीसरी बार टेंडर लगाया जाएगा। गोवंश सड़कों पर घूमने के सवाल पर मुख्य सफाई निरीक्षक साहब सिंह ने कहा कि 22 अप्रैल को अंतिम बार गोवंशों को पकड़ा गया था। नंदीशाला भरने से गोवंशों को रखने की जगह नहीं है। मेयर ने जमीन तलाश कर तारबंदी कर उसमें गोवंश रखने का सुझाव दिया। बंदरों को पकड़ने के मामले में मेयर ने कहा कि खरखौदा में 1300 रुपये प्रति बंदर के हिसाब से टेंडर हुआ है। खरखौदा वाली एजेंसी से संपर्क करके उसको टेंडर दिया जाए।
पार्षद पुनीत ने राई में पीएचसी बनवाने की मांग की
भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं निगम पार्षद पुनीत राई ने गांव राई में पीएचसी बनवाने की मांग की। वहीं आंगनबाड़ी केंद्र पर हुए कब्जे का मुद्दा दोबारा उठाया गया। इस पर मेयर ने अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। पार्षद अतुल जैन ने वार्ड नंबर 15 में पेयजल लाइन डालने में लापरवाही का आरोप लगाकर जगह-जगह गड्ढे खोदने की बात कही। पार्षद मुनीराम ने रायपुर व फाजिलपुर में पानी आपूर्ति की मांग की। मेयर ने बताया कि एसएमडीए की ओर से रायपुर, फाजिलपुर, रेल हाइराइजर्स सोसाइटी व वर्धमान सोसाइटी में यमुना का पानी पहुंचाया जाएगा। पार्षद मुकेश सैनी ने अवैध कॉलोनियों पर रोक लगाने की मांग रखी।
गड्ढे भरने और नालों व ड्रेनेज सिस्टम की सफाई पर जोर
नगर निगम के एसटीपी, डब्ल्यूटीपी व रेनीवेल को सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण को सौंपने का प्रस्ताव पास किया। 30 जून से पहले हर सड़क पर गड्ढे भरने और नालों व ड्रेनेज सिस्टम की सफाई पर जोर दिया। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। नंदीशालाओं में गोवंशों की बिक्री बोली से करने, व्यापारी भवन बनाने, ईवी चार्जिंग स्टेशन बनाने, निगम की जमीनों पर बोर्ड लगाने एवं चहारदीवारी करवाने, सीनियर सिटीजन भवन बनाने, ईएसआई डिस्पेंसरी के स्थान पर पार्किंग स्थल बनाने के प्रस्ताव पास हुए।