संवाद न्यूज एजेंसी
गोहाना। मौसम में लगातार बदलाव और बढ़ती गर्मी का असर अब लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है। कभी तेज गर्मी तो कभी धूल मिट्टी उड़ने के कारण नागरिक अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। खासकर लू, एलर्जी, खांसी, डायरिया और स्किन डिजीज के मरीज ज्यादा पहुंच रहे हैं।
नागरिक अस्पताल के आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि इन दिनों गेहूं व अन्य फसलों की कटाई के बाद खेतों में तूड़े और धूल मिट्टी ज्यादा उड़ रही है। इसके कारण एलर्जी, गले में खराश, खांसी और सांस संबंधी परेशानी वाले मरीज बढ़े हैं। वहीं लगातार बढ़ रही गर्मी के कारण हीट स्ट्रोक और डायरिया के मरीज भी अस्पताल पहुंच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गर्मी में लोगों को ज्यादा सावधानी रखने की जरूरत है। शरीर में पानी की कमी नहीं होने दें और खूब पानी पिएं। नारियल पानी, नींबू पानी व अन्य तरल पदार्थों का सेवन करें। मौसमी फलों का प्रयोग ज्यादा करें ताकि शरीर में कमजोरी न आए।
डॉ. विनोद कुमार ने सलाह दी कि बाहर का कटा हुआ फल और खुला खाद्य पदार्थ खाने से बचें। बाजार से लाई गई सब्जियों और फलों को अच्छी तरह धोकर ही इस्तेमाल करें। घर का बना शुद्ध तेल का खाना खाएं और जंक फूड व फास्ट फूड से परहेज करें।
उन्होंने कहा कि दोपहर के समय तेज धूप में ज्यादा देर तक बाहर रहने से बचना चाहिए। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को गर्मी में विशेष ध्यान रखने की जरूरत है ताकि लू और अन्य बीमारियों से बचाव हो सके।