सोनीपत। नेशनल हाईवे-44 पर कुराड़ के पास स्थित शराब ठेके पर नकाबपोश बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर ठेकेदार कारिंदा से नकदी व ग्राहक से सोने की चेन और मोबाइल लूट लिया। वारदात को अंजाम देकर बदमाश बाइक पर सवार होकर भाग गए। ग्राहक के बयान पर मुरथल थाना पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। ढाबा के सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग खराब मिली है। पुलिस अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है।
उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित कमला नगर के रहने वाले कपिल ने मुरथल थाना पुलिस को बताया कि वह अपनी कार में सवार होकर दिल्ली से पानीपत जा रहे थे। वह रात करीब नौ बजे मुरथल क्षेत्र के गांव कुराड़ के पास स्थित एक होटल के सामने पहुंचे तो उन्होंने अपनी कार को रोक दिया। उसके बाद वह ठेके पर बीयर लेने के लिए चले गए। जब वह ठेके में मौजूद थे तो बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवक वहां पर पहुंचे। उनके से एक अपने हाथ में पिस्तौल लिए हुए था। दोनों बदमाशों ने पहले शराब ठेकेदार के कारिंदे को पिस्तौल दिखाकर गल्ले से करीब आठ हजार रुपये लूट लिए। उसके बाद दोनों बदमाशों ने उन्हें भी इशारा कर अपने पास बुलाया। उसके बाद उनसे उनका आईफोन व सोने की चेन लूट ली। बाद में वह वहां से धमकी देते हुए भाग गए।
पहले भी हो चुकी लूट की वारदात
-16 फरवरी की रात को केएमपी पर ट्रक चालक से 22 सौ रुपये लूटे, मोबाइल लूटने के प्रयास में मारी गोली।
-29 जनवरी को सेक्टर-12 में महिला से नकदी व जेवर लूटे।
-28 जनवरी की रात को चालक की हत्या कर कार लूटकर ओमेक्स में छोड़कर भागे।
रात को शराब ठेके पर नकदी, मोबाइल व चेन छीनकर ले जाने की सूचना मिली थी। मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अजीत सिंह, एसीपी सोनीपत