खरखौदा में ट्रांसपोर्ट के जरिए शराब तस्करी का मामला सामने आया है। ट्रांसपोर्ट कंपनी के कर्मी को जब शक हुआ तो उन्होंने पार्सल की जांच की गई। इस पर शराब तस्करी का खुलासा हुआ। इसके बाद ट्रांसपोर्ट कंपनी के कर्मचारी ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने धोखाधड़ी के साथ ही अन्य धाराओं के तहत मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
लॉजिस्टिक सर्विस देने वाली कंपनी के कर्मचारी राहुल चौधरी का कहना है कि उनके पास बिहार के मधेपुरा में सीमेंट प्राइमर भेजने के लिए 30 बाल्टियों की बुकिंग की गई थी लेकिन जब बुकिंग कराने वाले व्यक्ति ने संबंधित सामान का मैनुअल बिल दिया तो कुछ शक हुआ। इसके बाद जब उन बाल्टियों की जांच की गई तो सीमेंट प्राइमर की जगह उनमें शराब मिली।
बता दें कि बिहार में शराब प्रतिबंधित है। ऐसे में ट्रांसपोर्ट के माध्यम से शराब की तस्करी करने के मामले में कंपनी कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कर्मचारी की शिकायत पर मटिण्डू निवासी सतबीर, पार्सल बुक कराने के लिए फोन करने वाले आशुतोष व मधेपुरा निवासी राजू गुप्ता के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी गई है।