कनाडा में युवक की हत्या के बाद सोनीपत के सेक्टर-12 स्थित उनके घर में भाई के फोटो के साथ शोकाकुल
सोनीपत। कनाडा के वैंकूवर शहर में सेक्टर-12 के युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में परिजन सोमवार को विदेश मंत्री एस.जयशंकर से मुलाकात करेंगे। वह मामले में त्वरित कार्रवाई व न्याय दिलाने की मांग करेंगे। वहीं युवक के घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है। परिवार के सदस्य कनाडा पुलिस के भी संपर्क में है। भारतीय समय के अनुसार सोमवार को युवक के शव का पोस्टमार्टम होगा। उसके बाद पुलिस परीक्षण करने के बाद शव भारत भेजा जाएगा। इसमें सप्ताह से 10 दिन का समय लग सकता है।
मूलरूप से गांव बड़ौली फिलहाल सेक्टर-12 निवासी रोमित आंतिल ने बताया कि उनके भाई चिराग आंतिल कनाडा के वैंकूवर शहर में एमबीए की पढ़ाई करने गए थे। वह अब वर्क वीजा पर एक सिक्योरिटी कंपनी में काम करते थे। उन्हें वैंकूवर पुलिस ने मेल से जानकारी दी थी कि आपके भाई चिराग आंतिल की वैंकूवर में हत्या कर दी गई है। इसके बाद से परिवार के सदस्य कनाडा पुलिस व वहां रह रहे परिचितों के संपर्क में हैं। उनका भाई जिस कंपनी में काम करता था उसके संचालक भी लगातार संपर्क में हैं। परिवार के सदस्यों ने बताया कि वह सोमवार को विदेश मंत्री एस.जयशंकर से मुलाकात करेंगे। वह मामले में जल्द कार्रवाई कराने का प्रयास करेंगे। साथ ही परिवार के सदस्य दिल्ली व कनाडा दूतावास (एम्बेसी) में भी संपर्क करेंगे। चिराग आंतिल के शव को भारत लाने के लिए उनके परिचित क्राउड फंडिंग के जरिए रुपये जुटा रहे हैं। इसके लिए गो फंड मी नाम के प्लेटफार्म पर मदद की गुहार लगाई गई है। बताया जा रहा है कि 40 हजार डॉलर एकत्रित किए जाएंगे। चिराग आंतिल ने आठवीं कक्षा तक की पढ़ाई राई स्थित मोतीलाल नेहरू खेलकूद स्कूल में की थी। उसके बाद 12 कक्षा तक सोनीपत के लिटिल एंजल्स स्कूल में पढ़े। उन्होंने दिल्ली विवि से बीबीए की पढ़ाई की और कनाडा में एमबीए करने गए थे।
घर में सांत्वना देने वालों का लगा तांता
चिराग की कनाडा में हत्या के बाद से पीड़ित परिवार के घर सांत्वना देने वालों का तांता लगा है। रविवार को मेयर निखिल मदान, विधायक सुरेंद्र पंवार, वरिष्ठ नेता सतपाल चौहान समेत अन्य नेता व स्थानीय लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। परिवार को बेटे की हत्या किए जाने का कारण समझ नहीं आ रहा है। परिवार को आशंका है कि किसी अन्य के धोखे में बेटे की हत्या कर दी गई है। बेटे की कार फ्लैट से करीब 500 मीटर दूर खड़ी थी। बेटे के कार में सवार होने के दौरान ताबड़ तोड़ गोलियां बरसाई गई है।