4 अक्तूबर को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। चिकित्सक ने प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध बताया। बाद में आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण मुंह और हाथ से गला दबाए जाने के कारण दम घुटना बताया गया। रासायनिक जांच के लिए विसरा भी सुरक्षित रखा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मामला संदिग्ध होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच तेज कर दी।
पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाया। टीम की मौजूदगी में कमरे से खून से सनी डबल बेड की चादर और काले रंग का एक्सटेंशन बोर्ड बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों समेत अन्य सामग्री को कब्जे में लेकर जांच के लिए सुरक्षित कर लिया।
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान जानवी के दोस्त विशाल से पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में विशाल ने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक विशाल ने बताया कि उसके और जानवी के बीच प्रेम संबंध थे और दोनों रामेश्वरी के साथ किराये के मकान में रहते थे। रामेश्वरी कथित तौर पर दोनों की शादी के लिए तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार विशाल ने पूछताछ में बताया कि 3 अक्तूबर की सुबह करीब साढ़े पांच बजे रामेश्वरी कमरे में सो रही थी। इसी दौरान उसने कथित तौर पर महिला का मुंह दबाया और हाथों से उसका गला दबा दिया। महिला की मौत होने के बाद हत्या को हादसे का रूप देने की योजना पर अमल किया गया।
पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद विशाल ने एक्सटेंशन बोर्ड के तार में कट लगाकर रामेश्वरी के बाएं हाथ पर बिजली का करंट लगाया, ताकि उसकी मौत बिजली का झटका लगने से हुई प्रतीत हो। इसके बाद पुलिस को करंट लगने से मौत की सूचना दी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मामले में हत्या समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी युवती महिला की इकलौती बेटी है। ऐसे में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कराई है।
महिला की करंट लगने से मौत की जानकारी मिली थी। पोस्टमार्टम में हत्या का खुलासा हुआ है। जिस पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपी को हिरासत में लिया है। उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। -इंस्पेक्टर सवित, थाना प्रभारी, सेक्टर-27 सोनीपत।