फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

होमगार्ड जवान को घसीटते रहे बाइक सवार, कार्रवाई न करने पर चौकी प्रभारी व मुंशी पर गिरी गाज

Thu, 13 Feb 2020 02:01 AM IST
रोहतक ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सोनीपत ( हरियाणा)
विज्ञापन
शहर के रोहतक रोड फ्लाईओवर के पास सीसीटीवी में दिख रहे तीन संदिग्ध।
विज्ञापन

शहर के महाराणा प्रताप चौक पर वाहनों की जांच कर रहे होमगार्ड के जवान को तीन बाइक सवारों द्वारा घसीटकर ले जाने के मामले में कार्रवाई नहीं करने पर चौकी प्रभारी व मुंशी पर गाज गिरी है। मामले में कोताही बरतने पर एसएसपी ने दोनों को सस्पेंड कर दिया है। वहीं पुलिस को बाइक सवारों के बारे में भी काफी अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस को कालूपुर के पास लगे सीसीटीवी में तीनों संदिग्ध युवक दिखाई दिए हैं। जिसके बाद पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी को दबिश तेज कर दी है। इसके लिए तीन टीमों का गठन किया गया है।

विज्ञापन


महाराणा प्रताप चौक के पास सोमवार को एसआई बिजेंद्र सिंह, सिपाही अनिल कुमार और होमगार्ड के जवान विजेंद्र सिंह व जयदीप खोखर वाहनों की जांच कर रहे थे। सुबह करीब साढ़े दस बजे अपाचे बाइक पर सवार तीन युवक वहां से गुजरने लगे थे तो होमगार्ड जवान जयदीप ने उन्हें रुकने का इशारा किया था। युवकों ने बाइक की गति को कम कर दिया था। जब जयदीप उनके पास पहुंचा था तो बाइक पर बैठे दो युवकों ने उसका हाथ व गर्दन पकड़ ली थी और फिल्मी स्टाइल में बाइक को सेक्टर-14-15 के डिवाइडर रोड पर भगा लिया था।

इससे वह बाइक के साथ 500 मीटर घसीटता चला गया था। इसी बीच पीछे से आ रहे एक कार सवार ने इसकी वीडियो बना ली थी। बाद मेें सिविल लाइन थाना चौक के पास युवकों ने उन्हें फेंक दिया था। ट्रैफिक टीम ने जयदीप को सामान्य अस्पताल व खानपुर मेडिकल कालेज अस्पताल में इलाज दिलाया गया था। आरोप था कि इस मामले में सिक्का कॉलोनी चौकी पुलिस को पता होते हुए भी उन्होंने कार्रवाई नहीं की थी। जिसकी जानकारी भी एसएसपी जश्नदीप सिंह रंधावा को मिली थी।

विज्ञापन
विज्ञापन

उन्होंने मामले की जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी को सौंपी थी। मामले में जांच के बाद डीएसपी ने अपनी रिपोर्ट में दोनों की लापरवाही होने की बात कही है। जिस पर एसएसपी ने सिक्का कालोनी चौकी प्रभारी रमेश व मुंशी राजेश को सस्पेंड कर दिया है।

सीसीटीवी में कैद हुए संदिग्ध
पुलिस का कहना है कि बाइक सवारों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपियों की तलाश के लिए सीआईए की तीन टीमों के साथ सिविल लाइन थाना पुलिस जांच कर रही थी। पुलिस टीमों ने मामले में कई अहम सुराग जुटाए हैं। रोहतक रोड आरओबी कालूपुर के पास लगे सीसीटीवी में संदिग्ध युवकों की बाइक व उनके चेहरे सामने आ गए हैं। जिसके चलते पुलिस ने उनकी पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया है। पुलिस का दावा है कि तीनों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
होमगार्ड के जवान को बाइक सवार युवकों द्वारा घसीटने का वीडियो वायरल होने पर मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में मुकदमा दर्ज करने में कोताही बरतने पर सिक्का कालोनी चौकी प्रभारी रमेश व मुंशी राजेश को सस्पेंड कर दिया गया है। बाइक सवार युवकों के बारे में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। एक सीसीटीवी में संदिग्धों के चेहरे दिख रहे हैं। उनका पता लगाने के लिए सीआईए की तीन टीम लगातार प्रयास कर रही है। उन्हें जल्द काबू किया जाएगा। -डॉ.रवींद्र कुमार डीएसपी सोनीपत।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें