सोनीपत। नागरिक अस्पताल में कर्मियों के बीच हुई झड़प के मामले में पुलिस ने एक कर्मी के बयान पर मुकदमा दर्ज किया है। मामले में एक अधिकारी पर भी मामले में शामिल होने का संदेह जताया गया है। इस पर पुलिस ने अधिकारी, कर्मी व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव समसपुर गामड़ा निवासी सुरजीत ने पुलिस को बताया कि वह नागरिक अस्पताल में चतुर्थ श्रेणी कर्मी हैं। उनकी अस्पताल में ईएनटी चिकित्सक की ओपीडी के सामने ड्यूटी थी तभी अस्पताल में कर्मी आदित्य एक बुजुर्ग को लेकर आया। चिकित्सक के कहे अनुसार उन्होंने उसे अंदर जाने से रोक दिया। जिस पर वह धक्का-मुक्की करने लगा। वह शिकायत करने सिविल सर्जन कार्यालय में चले गए। जिस पर आदित्य ने कॉल कर 15-20 युवकों को बुला लिया था। तब उन्होंने डायल-112 पर सूचना दी थी। वहां पर कपिल, आदित्य व वीरेंद्र ने उनके साथ मारपीट की थी। बाद में मेडिकल कराने गए तो फिर से पीटा गया। उन्होंने मामले में एक चिकित्सा अधिकारी की भूमिका पर शक जताया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।