संवाद न्यूज एजेंसी
गोहाना। रोहतक-पानीपत हाईवे पर सैनीपुरा गांव के नजदीक सड़क किनारे पैदल जा रहे युवकों को पीछे से तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में धीरेंद्र और अमित घायल हो गए। साथ चल रहे युवकों ने दोनों को महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर कलां पहुंचाया।
डॉक्टरों ने धीरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। अमित को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। दोनों उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के नामकसायर गांव के रहने वाले हैं। साथी धनंजय की शिकायत पर सिटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
धनंजय ने बताया कि वे महिला मेडिकल कॉलेज में बिजली का काम करते हैं। रविवार को वह ताऊ के लड़का धीरेंद्र, अमित, राजन सिंह और गांव के अन्य लोग पैदल सैनीपुरा गांव की तरफ जा रहे थे।
हाईवे पर ट्रक मार्केट से थोड़ा पहले पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कार ने धीरेंद्र और अमित को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। कार माहरा गांव निवासी दीपक चला रहा था। उसे भी चोटें लगीं। धनंजय ने आरोप लगाया कि कार चालक नशे की हालत में था, जिससे उसका कार पर नियंत्रण नहीं रहा।
-
शिकायत के आधार पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
सुभाष चंद, थाना प्रभारी