खरखौदा (सोनीपत)। कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर एक कार तेज रफ्तार होने के चलते अनियंत्रित होकर पलट गई। कार के कई बार पलटने से चालक उसमें से बाहर आकर गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की तो पुलिस को उस कार में अवैध रूप से रखी हुई शराब मिली। पुलिस ने अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एएसआई विरेंद्र सिंह ने बताया कि वह मंगलवार को केएमपी एक्सप्रेस वे पर अपनी टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इस दौरान करीब चार बजे जब वह पाई-किडौली के पास पहुंचे तो बहादुरगढ़ की तरफ से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार का संतुलन बिगड़ गया और कार के पलटने पर झज्जर के गांव डीघल के रहने वाला चालक आशीष सड़क पर जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर छानबीन की तो कार में अवैध रूप से शराब की पेटियां रखी हुई मिलीं। जिसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया और इस मामले में मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
कार में मिलें 189 पव्वे
पुलिस को कार से अलग-अलग मार्का के शराब के 189 पव्वे बरामद किए, जिसमें 137 पव्वे इंपेक्ट मार्का के और 52 पव्वे केसिनो प्राइड के पाए गए। शराब कहां से लाई गई थी और कहां पर ले जाई जा रही थी, इस बारे में पुलिस जांच कर रही है।