संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। केएमपी एक्सप्रेस वे पिपली टोल प्लाजा के पास शनिवार देर रात खड़े वाहन में कैंटर की टक्कर लगने से गुरुग्राम के एक युवक की मौत हो गई, जबकि उनके साथी घायल हो गए। पुलिस ने मृतक के साथी की शिकायत पर कैंटर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गुरुग्राम के गांव जोड़ी खुर्द निवासी नवीन आठ दोस्तों के साथ शनिवार रात 10 बजे ए-वन एक्सप्रेस कंपनी से हरिद्वार जाने के लिए निकले थे। रविवार की छुट्टी होने के चलते सभी ने हरिद्वार में गंगा स्नान करके आने का कार्यक्रम बनाया था। सभी आठ दोस्त सुपर कैरी गाड़ी से हरिद्वार जा रहे थे। उन्होंने रात करीब साढ़े 11 बजे केएमपी एक्सप्रेस वे के पिपली टोल प्लाजा क्राॅस करने के बाद लघुशंका के लिए गाड़ी रोक दी।
छह दोस्त वाहन से उतरकर कुछ दूरी पर चले गए, जबकि नवीन और उनके साथी गांव जोड़ी कलां निवासी दलबीर वाहन में ही बैठे रहे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार कैंटर ने खड़े वाहन में टक्कर मार दी। वाहन पीछे से क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे नवीन व दलबीर घायल हो गए। दोस्तों ने दोनों घायलों को सोनीपत के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने नवीन को मृत घोषित कर दिया।
दलबीर को प्राथमिक उपचार दिया गया। हादसे के बाद चालक कैंटर मौके पर छोड़कर भाग गया। खरखौदा पुलिस ने नवीन के साथी गांव गढ़ी नत्थे खां निवासी राजकुमार की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
हादसे में नवीन की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। नवीन अपने पीछे पत्नी और तीन छोटी बेटियों को छोड़ गए। हादसे के बाद रात को जैसे ही नवीन के घर सड़क हादसे में उनकी मौत हो जाने की सूचना पहुंची तो मातम पसर गया। पोस्टमार्टम करवाने पहुंचे नवीन के पिता दलीप कुमार ने बताया कि उनके तीनों बेटे शादीशुदा है, नवीन की तीन बेटियां हैं।
वर्जन
कैंटर चालक के खिलाफ नवीन के दोस्त की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शनिवार देर रात कैंटर चालक ने गाड़ी को टक्कर मारकर भागा गया।-नीरज, जांच अधिकारी, थाना खरखौदा