गोहाना। जींद रोड पर खंदराई मोड़ के नजदीक मुर्गियों से भरे कैंटर चालक ने एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को रोहतक पीजीआई में इलाज चल रहा है। पुलिस ने रविवार को परिजनों के बयान पर कैंटर चालक पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिए है।
गांव जागसी निवासी रामकुमार ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा प्रदीप उर्फ कीड़ा गांव के ही मोनू व ज्ञान के साथ बाइक पर शनिवार को गोहाना में किसी काम से गए थे। वह रात को गांव बुटाना आ रहे थे। जब वह करीब साढ़े 11 बजे जींद रोड पर खंदराई मोड़ स्थित एक निजी स्कूल के पास पहुंचे तो जींद की तरफ से आ रहे मुर्गियों से भरे एक कैंटर चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर का संतुलन बिगड़ने से सड़क किनारे जा पलटा। यही नहीं कैंटर की टक्कर से बाइक सवार प्रदीप (23) की मौके पर ही मौत हो गई। मोनू व ज्ञान को गोहाना के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। रोहतक जाते समय रास्ते में मोनू (21) ने भी दम तोड़ दिया। ज्ञान का फिलहाल पीजीआई में इलाज चल रहा है। इसकी सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने रामकुमार के बयान पर कैंटर चालक पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।