फोटो 10- सोनीपत के कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में टीम के साथ विद्यार्थियाें को ज
सोनीपत। रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ) ने दिल्ली-अंबाला रूट पर सोनीपत क्षेत्र में ट्रेनों पर होने वाली पत्थरबाजी व चेन पुलिंग (खींचना) की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान की शुरुआत की है। आरपीएफ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संगम के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया है। रेलवे लाइन के आसपास क्षेत्रों में लोगों के साथ विद्यार्थियों को भी पत्थरबाजी व चेन पुलिंग के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
उप निरीक्षक महावीर सिंह के नेतृत्व में एक टीम ने सोनीपत के कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में तो दूसरी टीम ने थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संगम के नेतृत्व में गोहाना क्षेत्र में लोगों व विद्यार्थियों को जागरूक किया। पत्थरबाजी और चेन पुलिंग कानूनी अपराध है। इससे राष्ट्रीय संपत्ति के साथ यात्रियों को भी नुकसान होता है। ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि 1 सितंबर को शनि मंदिर के पास शताब्दी एक्सप्रेस व जुलाई माह में एक सप्ताह के अंदर सोनीपत-नरेला के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस पर दो बार पत्थरबाजी के मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में करीब 16 मुकदमे भी दर्ज किए गए हैं। वहीं, आईटीआई प्रशासन ने आश्वासन दिया कि विद्यार्थियों को पत्थरबाजी व चेन पुलिंग के बारे में समय-समय पर जागरूक किया जाएगा। टीम में एएसआई अगत सिंह, हेड कांस्टेबल सतीश कुमार, श्रीनारायण, धीरज कुमार व नरेश कुमार शामिल रहे।