सोनीपत। शहर के सेक्टर-15 में रहने वाले कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार के बेटे के मोबाइल पर फोन पांच लाख रुपये रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। विधायक के बेटे से पहले फोन कर दो लाख रुपये और उसके एक मिनट बाद फिर से फोन कर पांच लाख रुपये देने की मांग की गई। विधायक के बेटे ने मामले की शिकायत पुलिस को दी, जिस पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है। हालांकि विधायक के बेटे का कहना है कि मामले में फोन करने वाले के परिजनों ने उनके पास आकर गलती से फोन मिलने की बात कही है। उन्होंने कहा है कि वह केंद्रीय कार्यालय में तैनात है और इस समय मानसिक रूप से परेशान होने के कारण उसने फोन कर दिया।
सेक्टर-15 निवासी ललित पंवार ने सिविल लाइन थाना पुलिस को बताया कि वह समाजसेवी हैं। उनके पास सोमवार शाम 6 बजकर 12 मिनट पर एक नंबर से फोन आया था। बात करने वाले ने कहा कि दो लाख रुपये पहुंचा दे। इस पर ललित ने कहा कि भाई आपने गलत फोन मिला दिया है, जिस पर वह बोला कि उसने सही फोन मिलाया है। साथ ही धमकी देते हुए कहा कि नहीं दिए तो बता दूंगा और पैसे लेने मुझे आते हैं। नहीं तो इसका अंजाम भुगतना होगा। इसके बाद उसने फोन काट दिया। उसके एक मिनट बाद ही उसने दोबारा फोन किया और पांच लाख रुपये की डिमांड करने लगा, जिसके बाद फिर से फोन काट दिया। ललित पंवार ने मामले की शिकायत सिविल लाइन थाना पुलिस को दी। साथ ही उन्होंने मामले की शिकायत डीजीपी, एडीजीपी (कानून व्यवस्था), आईजी रोहतक रेंज, एसपी सोनीपत को भी भेज दी। इसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
--
केंद्रीय कार्यालय में कार्यरत बताया जा रहा आरोपी
बताया गया कि जिसके नंबर से फोन किया गया वह दिल्ली में केंद्रीय कार्यालय में तैनात है। हालांकि पुलिस इस मामले में जांच कर रही है, क्योंकि किसी के बीच समझौता होने के बाद भी पुलिस की जांच जारी रहेगी।
--
विधायक के बेटे ने कहा फोन करने वाले के परिजनों ने मानी गलती
ललित पंवार ने बताया कि उनके पास फोन कर धमकी दी गई थी। मंगलवार सुबह कुछ लोग उनके घर आकर उनसे मिले हैं। उन्होंने बताया कि उनके परिवार के सदस्य ने गलती से फोन कर दिया था और वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा है। मामले को लेकर पुलिस की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
--
सेक्टर-15 के रहने वाले विधायक के बेटे ने फोन पर धमकी देकर रंगदारी मांगने की शिकायत दी है। मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। - सुखबीर सिंह, थाना प्रभारी, सिविल लाइन सोनीपत।