संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। पचास लाख रुपये की फिरौती के लिए बदमाशों ने 16 सितंबर को गोहाना के एक व्यापारी का अपहरण कर लिया। आरोपियों ने व्यापारी के कपड़े उतरवाकर वीडियो बना लिया और रुपये नहीं मिलने पर उसे वायरल करने की धमकी दी। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज करने के बाद पांच आरोपियों आरजू, सोनू, गौरव, रामपाल और प्रवीन को गिरफ्तार कर लिया।
सहायक पुलिस आयुक्त गोहाना राहुल देव ने बताया कि 16 सितंबर को गोहाना निवासी पीड़ित व्यापारी ने थाना बरोदा में शिकायत में बताया था कि उनकी फैक्टरी गोहाना से जींद रोड पर है। वह अपनी गाड़ी से फैक्ट्री जाने के लिए निकले। सुबह करीब 11.20 बजे वह कंपनी से 100 मीटर पहले पहुंचे थे कि एक गाड़ी ने टक्कर मारी। उस गाड़ी का चालक उतरकर आया और उनका मोबाइल छीनकर पेट पर गन लगा दिया।
इसके बाद चार लोगों ने उनको जबरन गाड़ी में डाल दिया। सभी के पास हथियार थे। एक आरोपी उनकी गाड़ी चलाकर ले गया। आरोपियों ने उनकी आंखों पर पट्टी बांधी दी। करीब 30 मिनट के बाद आरोपियों ने उन्हें अपनी गाड़ी में बैठा लिया। उनकी गाड़ी वहीं छोड़ दी। आरोपियों ने पांच करोड़ की फिरौती मांगी।
उन्होंने कहा कि आरोपियों में एक उनके पास हथियार लेकर बैठा रहा। दूसरा आरोपी हथियार के साथ बाहर बैठा था। एक घंटे के बाद एक व्यक्ति आया 50 लाख रुपये देने का कहा। कहा कि मंगलवार को रुपये मिल जाने चाहिए। आरोपी उनके परिवार के बारे में जानते थे। आरोपियों ने उनके कपड़े उतरवाकर वीडियो बनाया और धमकी दी कि रुपये न मिले तो वीडियो वायरल कर देंगे।
इसके बाद आरोपियों ने उन्हें उनकी गाड़ी की चाबी व मोबाइल वापस किए। गाड़ी में रखे एक लाख रुपये निकाल लिए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया और पांचों आरोपियों को ट्रेस कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों आरजू, सोनू, गौरव, रामपाल, प्रवीन को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।