बीएसएनएल प्रदेश में 225 जगह वाईफाई हॉट स्पॉट बनाएगी, इसके लिए विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। इसमें सोनीपत जिले के लिए 15 स्थान चिन्हित किए गए हैं। गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए बीएसएनएल के महाप्रबंधक आरके गोयल ने बताया कि विभाग इसके लिए फाइबर टू द होम (एफटीटीएच) सेवा की शुरुआत करने जा रहा है। इसके लिए बीएसएनएल उपभोक्ताओं से केवल 150 रुपये अतिरिक्त लिए जाएंगे। यह सेवा भारत में पहली बार उपलब्ध कराई जाएगी। बहुमंजिला इमारतों और औद्योगिक क्षेत्रों में यह सुविधा सबसे पहले दी जाएगी। इसके लिए रिहायशी इलाकों की रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन को सहयोग और सहमति देनी होगी। जिले में यह सेवा छह माह के भीतर शुरू कर दी जाएगी। इसके अलावा सोनीपत जिले में आने वाले समय में शीघ्र ही दो नए एक्सचेंज स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए खानपुर कलां और बड़ी साइट का चयन किया गया है। इस मौके पर उप-महाप्रबंधक अमरनाथ, मुख्य लेखाकार अधिकारी एचआर सिंह, सहायक महाप्रबंधक जोगेंद्र सिंह, महावीर प्रसाद, राजेश कुमार चावला तथा विजय दहिया भी मौजूद रहे।
यहां-यहां लगेंगे वाईफाई हॉट प्वाइंट
महाप्रबंधक आरके गोयल ने बताया कि सोनीपत सिटी में सुभाष चौक पर तीन प्वाइंट, गीता भवन चौक पर दो स्थान, बस अड्डा सोनीपत, रेलवे स्टेशन पर दो स्थान, सेक्टर-14 की मार्केट में दो प्वाइंट, गांधी चौक एक, लघु सचिवालय में तीन प्वाइंट, दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मुरथल में दो, सुखदेव ढाबा, टीडीआई मॉल कुंडली में दो-दो जगह, अंसल प्लाजा कुंडली, बीपीएस खानपुर कलां, रेलवे स्टेशन गोहाना, अंतर्राष्ट्रीय कृषि-बागवानी-सब्ज्यिां एवं डेयरी उद्योग टर्मिनल मार्केट गन्नौर तथा जीटी रोड नंबर-1 स्थित चोखी धानी गन्नौर में वाई-फाई की सुविधा दी जाएगी। शुरुआती 30 मिनट वाईफाई का प्रयोग नि:शुल्क रूप से किया जा सकेगा। यह सुविधा माह में केवल तीन बार मिलेगी।