गन्नौर। घरेलू हिंसा की शिकायत पर गांव उदेशीपुर में देर रात डायल 112 टीम पर एक व्यक्ति ने छट से ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। इससे गाड़ी के शीशे और छत को नुकसान हुआ। गाड़ी में तैनात पुलिसकर्मियों ने मशक्कत से जान बचाई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बड़ी थाना की डायल-112 गाड़ी पर तैनात एसआई दीपक ने गन्नौर पुलिस को बताया कि रात करीब 12 बजे सूचना मिली थी कि गांव उदेशीपुर में उसका दामाद उनकी बेटी मोनिका से मारपीट कर रहा है। सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची तो एक युवक छत पर खड़ा होकर गालियां दे रहा था। उसने ललकारते हुए कहा कि पुलिस को किसने बुलाया है। वह पुलिस वालों को भी जान से मार देगा। इसके बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ ईंटों से हमला कर दिया। पुलिसकर्मी नीचे झुककर अपनी जान बचाने में कामयाब रही। हमले में सरकारी गाड़ी को काफी नुकसान पहुंचा। गाड़ी का आगे का शीशा, कैमरा, छत पर लगी लाइट और पीछे देखने वाला शीशा टूट गया। पत्थर मारने के बाद आरोपी भाग गया। आरोपी की पहचान कंवर उर्फ पोला के रूप में हुई है। पुलिस ने कंवर उर्फ पोला के खिलाफ जानलेवा हमला और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।
उप निरीक्षक सियाराम त्यागी ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कंवर उर्फ पोला को देर रात गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। -जसपाल सिंह, थाना प्रभारी, गन्नौर।