रेलवे स्टेशन पर दृष्टिबाधित यात्रियों को सहूलियत देते हुए मार्गदर्शिका बोर्ड के साथ एक पीली बिंदियों वाली पट्टी लगाई गई है, जिस पर उचित दूरी के साथ खड़े होकर यात्री ब्रेल लिपि मार्गदर्शिका के सहारे स्टेशन की सभी व्यवस्थाओं का अनुमान लगा लेंगे। जिससे उन्हें भटकना नहीं पड़ेगा। साथ ही उन्हें अधिकारियों से मिलने के लिए किसी के सहारे की जरूरत नहीं पड़ेगी। ब्रेल लिपि का ज्ञान रखने वाले दृष्टिहीन यात्री संकेतक को आसानी से समझ सकेंगे।
रेलवे स्टेशन के पूछताछ केंद्र, बुकिंग खिडक़ी, स्टेशन अधीक्षक, राजकीय रेलवे पुलिस भवन, रेलवे पुलिस बल भवन से लेकर शौचालय तक के बाहर ब्रेल लिपि में संकेतक लगाए गए हैं। मार्गदर्शिका से मार्ग जानकर दृष्टिबाधित यात्री इन संकेतकों की सहायता से अपने स्थान तक पहुंचकर अपना काम निपटा सकेंगे। इन विभिन्न स्थानों को उन्हें न तो ढूंढना पड़ेगा और न ही पूछने के लिए किसी पर निर्भर रहना पड़ेगा। संकेतकों की सहायता से वह हर चीज की पहचान कर सकेंगे।
अजय माइकल, जनसंपर्क अधिकारी, दिल्ली मंडल
सोनीपत स्टेशन पर एनजीओ की सहायता से कुल 50 ब्रेल लिपि संकेतक लगाए गए हैं। जिनमें दो मार्गदर्शिका बोर्ड हैं। मार्गदर्शिका के साथ पीली बिंदियों वाली पट्टी पर उचित दूरी के साथ खड़े होकर दृष्टिबाधित यात्री स्टेशन पर सभी कार्यालयों व व्यवस्थाओं की डायरेक्शन हासिल कर सकेंगे। ब्रेन लिपि संकेतक लगाने का काम पूरा हो चुका है। जिससे ब्रेल लिपि का ज्ञान रखने वाले यात्रियों को फायदा मिलेगा। रेलवे की ओर से यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।