खरखौदा। गांव जटोला में आरक्षित वर्ग के लिए बनाए गए अलग मतदान केंद्र को लेकर ग्रामीण करतार सिंह बज्जर की शिकायत के मामले में जिला निर्वाचन अधिकारी व उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने संज्ञान लिया। उनका कहना है कि जटोला में यह बूथ नंबर 77 पहली बार नहीं बल्कि वर्ष 1984 से मौजूद है। यही नहीं यह बूथ भारतीय निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार ही बनाया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी और उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि मामले की पड़ताल के बाद पाया गया कि बूथ संख्या 177 वर्ष 1984 से सभी चुनाव में मौजूद रहा है। उपायुक्त ने कहा कि यह मतदान केंद्र मतदाताओं की भौगोलिक संलग्नता के आधार पर बनाया गया है। साथ ही इस बूथ को बनाते समय किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया गया है। मतदान केंद्र भारतीय निर्वाचन आयोग के वंचित वर्गों के लिए मतदान को सुगम बनाने को उनके आवास के पास ही मतदान केंद्र बनाने की नीति के अनुरूप है।