खरखौदा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत 15 जून से 14 जुलाई तक मतदाता सूची के सत्यापन का कार्य किया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना फार्म वितरित करेंगे और उन्हें भरवाकर वापस जमा कराएंगे।
एसडीएम अमित भारद्वाज ने बताया कि अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना, डुप्लीकेट नाम हटाना और अपात्र व्यक्तियों की पहचान करना है। सभी मौजूदा मतदाताओं को प्रथम दृष्टया पात्र माना जाएगा। वर्ष 2002 की मतदाता सूची के आधार पर मैपिंग की जाएगी। यदि किसी मतदाता का रिकॉर्ड नहीं मिलता है तो निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार दस्तावेज प्रस्तुत कर नाम सूची में बनाए रखा जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम बिना प्रक्रिया के नहीं काटा जाएगा। 21 जुलाई को ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद आपत्तियां ली जाएंगी। हेल्पलाइन 1950 और एसडीएम कार्यालय में सहायता उपलब्ध रहेगी।