गोहाना। शहर में परशुराम चौक पर रक्तदान शिविर और जनता विद्या भवन बुटाना में आयोजित शिविर में 64 यूनिट रक्त का संकलन किया गया। भागराम ट्रस्ट की ओर से परशुराम चौक पर लगाए गए शिविर में 39 यूनिट रक्त एकत्र हुआ।
शिविर की अध्यक्षता उषा गगनेजा ने की व मुख्यातिथि सुल्तान सैनी रहे। शिविर का संयोजन सतीश सैनी ने किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने से शरीर में रक्त की कमी नहीं होती है। हर तीन माह में रक्तदान करना चाहिए।
इस मौके पर विशेष रक्तदाता सीए राजेश भारद्वाज ने 15वीं बार, बिजेंद्र ने 5वीं बार और पुलिसकर्मी संजय सिंह ने दूसरी बार रक्तदान किया। पहली बार रक्तदान करने वालों में रोहित मलिक, संजय, अमित, सतबीर, राहुल, प्रवीन और सोमबीर शामिल रहे।
वहीं, जनता विद्या भवन बुटाना में संस्थापक चौधरी धज्जा राम सांगवान की जयंती पर आयोजित रक्तदान शिविर में 25 यूनिट रक्त एकत्र हुआ। शिविर की अध्यक्षता संस्था के प्रधान अजीत सिंह ने की व मुख्यातिथि इंदरजीत विरमानी रहे।
आयोजन में उपप्रधान महिपाल मोर, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र कुंडू, सचिव रामनिवास सांगवान और सह-सचिव कृष्ण सांगवान की ओर से सहयोग दिया गया। यहां तीन महिलाओं में सीमा, अंशु और डॉ. रजनी ने पहली बार रक्तदान किया।
शिविर में मयंक, शिवम, सौरभ, अजय, आशीष, हर्ष और आशियाना ने भी प्रथम बार रक्तदान किया।