गोहाना। खानपुर कलां स्थित बीपीएस राजकीय मेडिकल कॉलेज में शनिवार को एक मरीज में ब्लैक फंगस की पुष्टि हुई। इसके अलावा चार संदिग्ध मरीज भी मिले हैं। संक्रमित मरीज पानीपत का रहने वाला है। इसके साथ ही चार संदिग्ध मरीज भी पानीपत व सोनीपत से यहां रेफर होकर आए हैं। चिकित्सकों ने सभी का इलाज शुरू कर दिया है।
प्रदेश सरकार ने ब्लैक फंगस के मरीज बढ़ने पर उनका इलाज करने के लिए बीपीएस राजकीय मेडिकल कॉलेज को अधिकृत किया है। इसके लिए यहां अलग से 20 बेड का वार्ड आरक्षित किया गया है। चिकित्सा अधिकारियों के अनुसार मेडिकल कॉलेज में पानीपत व सोनीपत से रेफर होकर आने वाले ब्लैक फंगस के मरीजों को दाखिल किया जा रहा है। अब तक यहां पानीपत और सोनीपत से पांच संदिग्ध मरीज रेफर होकर दाखिल हुए हैं। चिकित्सकों के अनुसार सभी कोरोना संक्रमित हो गए थे। संक्रमण ठीक होने के बाद इनमें ब्लैक फंगस के लक्षण मिले। इन मरीजों के नाक से खुरंड निकल रहा है। इस पर चिकित्सकों ने इनकी जांच के साथ ही इलाज भी शुरू किया। फिलहाल इनमें से पानीपत के रहने वाले एक मरीज में ब्लैक फंगस की पुष्टि हुई है।
--
अभी तक मेडिकल कॉलेज में ब्लैक फंगस के लक्षणों के पांच मरीज यहां दाखिल हुए हैं। इनमें से किसी में फंगस के गंभीर लक्षण नहीं हैं। उनका इलाज शुरू कर दिया है। फिलहाल स्थिति सामान्य है।
- डॉ. अमित शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, ईएनटी विभाग।
--
मेडिकल कॉलेज में पांच मरीज ऐसे दाखिल हुए हैं, जिनमें ब्लैक फंगस के लक्षण मिले हैं। इनमें से एक में ब्लैक फंगस की पुष्टि हुई है, अन्य चार संदिग्ध हैं। उनकी जांच के बाद ही ब्लैक फंगस की पुष्टि होगी। फिलहाल उनका चिकित्सकों ने इलाज शुरू कर दिया है।
- डॉ. धीरज, प्रवक्ता, बीपीएस राजकीय मेडिकल कॉलेज।