संवाद न्यूज एजेंसी
गोहाना। पंचायत एवं विकास मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कहा कि भाजपा बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पखवाड़े के रूप में मनाएगी। इसके तहत जिला, मंडल और बूथ स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वह वीरवार को सोनीपत रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि 13 अप्रैल को उन स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा जहां बाबा साहेब की प्रतिमाएं या लाइब्रेरी स्थापित हैं। इसी दिन शाम को दीप प्रज्वलित किया जाएगा। 14 अप्रैल को उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा।
पंवार ने कहा कि 13 से 20 अप्रैल तक चलने वाले इस पखवाड़े के दौरान उन गांवों और शहरों में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे जहां 100 से अधिक एससी परिवार रहते हैं। इन कार्यक्रमों में बाबा साहेब के जीवन और विचारों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
मंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर को उनके जीवनकाल और निधन के बाद वह सम्मान नहीं मिला जिसके वह हकदार थे। लंबे समय तक कांग्रेस ने बाबा साहेब के योगदान को उचित महत्व नहीं दिया जबकि भाजपा सरकार ने उनके सम्मान में कई कार्य किए।
उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम नायब सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में डबल इंजन की सरकार विकास कार्यों को गति दे रही है। जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
मंत्री ने बताया कि 14 अप्रैल को पंचकूला स्थित इंद्रप्रस्थ ऑडिटोरियम में राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें मुख्यमंत्री नायब सैनी, राज्य मंत्री कृष्ण बेदी और वह स्वयं भी उपस्थित रहेंगे। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कैबिनेट मंत्री ने भाजपा एससी मोर्चा की बैठक में कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित कर कार्यक्रमों को सफल बनाएं। बैठक में जिला गोहाना अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, जिला महामंत्री महेंद्र चिड़ाना, इंद्रजीत विरमानी, नरेश खानपुर, कृष्ण सैनी, डॉ. रमेश कश्यप, बलराम कौशिक, रीना शर्मा, डॉ. राममेहर राठी व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।