सोनीपत। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने वीरवार को सेक्टर-08 स्थित जिला पार्टी कार्यालय में बर्ड टॉवर का भूमि पूजन कर इसकी आधारशिला रखी। यह बर्ड टॉवर 60 फीट ऊंचा होगा जिसमें पक्षी आराम से रह सकेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात से पक्षियों के रैन बसेरे की शुरूआत की थी। प्रधानमंत्री से प्रेरणा लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला स्थित माता मनसा देवी गोशाला में पक्षियों के रहने के लिए वर्ष 2024 में टॉवर की आधारशिला रखी थी।
गुरुग्राम में भी पक्षियों के लिए बर्ड टॉवर स्थापित किए गए हैं। जिला मीडिया प्रभारी दिनेश अत्री ने बताया कि बर्ड टॉवर में लगभग 720 घर होंगे। इनमें लगभग 3500 पक्षी आराम से रह सकेंगे। कबूतर, तोता, मैना आदि पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था की जाएगी।
इस टॉवर की विशेषता यह होगी की इसमें शिकारी पक्षी नहीं आ सकेंगे। टॉवर को छह मुख्य यूनिटों में डिवाइड किया जाएगा। हर यूनिट का कलर अलग-अलग होगा जो पक्षियों के आकर्षण का केंद्र होगा। ये प्री फैब्रिकेटेड फाइबर से बनाया जाएगा।
जिला मीडिया प्रभारी दिनेश अत्री ने बताया कि इस बर्ड टॉवर पर मौसम का कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ेगा। बर्ड टॉवर बनाने में लगभग 6 लाख रुपये लगेंगे जिसे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष निजी अनुदान से खर्च करेंगे।
इस मौके पर मेयर राजीव जैन, विधायक निखिल मदान, जिला महामंत्री तरुण देवदास, नीरज कुमार, जिला मीडिया प्रभारी अधिवक्ता दिनेश अत्री, सोनिया मोर, कुलदीप वत्स, राहुल खत्री, हरदीप कुमार, किशोर वशिष्ठ, त्रिभुवन कौशिक, राजेश मुकीमपुर, सुनीता, डॉ. विवेक मिश्रा, ईशा मिश्रा, सुरेंद्र मदान, राजकुमार शर्मा, आरती शर्मा मौजूद रहे।