सोनीपत। नेशनल हाईवे-44 स्थित गांव नांगल खुर्द चौक पर ग्रॉसरी स्टोर कर्मी से धक्कामुक्की कर गला दबाने के बाद चार-पांच युवक मोबाइल छीनकर भाग गए। पीड़ित की शिखायत पर बहालगढ़ थाना पुलिस ने झपटमारी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नई दिल्ली के मूल निवासी अमित मिश्र फिलहाल गांव नांगल खुर्द नारायण स्थित लोहा मंडी में रहते हैं। उन्होंने बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया कि वह कुमासपुर के पास स्थित बिग बॉस्केट ग्रॉसरी स्टोर में कार्यरत हैं। वह रात को ग्रॉसरी स्टोर से अपने कमरे पर जा रहे थे। जब वह गांव नांगल खुर्द गांव के चौक पर पहुंचे तो वहां चार-पांच युवक बाइक व स्कूटी पर सवार होकर आए उन्होंने उनकी बाइक को रुकवा लिया। उनकी बाइक को रुकवाने के लिए उन्होंने धक्कामुक्की शुरू कर दी। फिर एक युवक ने गला दबा दिया। बाद में युवक उनका मोबाइल छीनकर भाग गए। इसके बाद बहालगढ़ थाना पुलिस को मामले की शिकायत दी। पुलिस ने झपटमारी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने कहा कि ग्रॉसरी स्टोर कर्मी ने मोबाइल छीनने की शिकायत दी थी। मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही झपटमारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।