सोनीपत। सदर थाना क्षेत्र में महलाना रोड पर हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल के पास बाइक से जा रहे युवक को कार चालक ने टक्कर मार दी। बाइक समेत सिर के बल सड़क पर गिरकर युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। नाजुक हालत में उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। हादसे को लेकर मंगलवार को युवक की मां शिकायत पर पुलिस ने कार चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव भटगांव डुंगरान निवासी सुमित 31 मई को बाइक पर सवार होकर सामान खरीदने के लिए सोनीपत जा रहे थे। जैसे ही बाइक महलाना रोड हाइटस इंटरनेशनल स्कूल के समीप पहुंची, तेज गति में आ रही कार ने सुमित को टक्कर मार दी। सुमित बाइक समेत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उनको उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान सुमित ने दम तोड़ दिया। घटना को लेकर सुमित की मां शीला देवी ने सदर थाना में शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने टक्कर मारने वाली कार के चालक झज्जर जिला के गांव बाघपुर निवासी परीक्षित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।