रोहतक-पानीपत हाईवे पर गोहाना बाईपास के नजदीक वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। इस पर शहर थाना पुलिस ने मृतक के भतीजे की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव माहरा निवासी बंटी ने पुलिस को बताया कि 23 जनवरी को उसका चाचा अमित कुमार (36) अपनी बाइक पर सवार होकर गांव सैनीपुरा में काम से जा रहा था। जब वह रोहतक-पानीपत हाईवे पर गोहाना बाईपास के नजदीक पहुंचा तो उसकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे अमित की बाइक सड़क किनारे लगी लोहे की एंगल से जा टकराई और वह नीचे गिर गया। इस हादसे में उसे सिर व अन्य जगह काफी चोटें आईं। इस पर उन्होंने अपने उसे बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भर्ती कराया, वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। इसके साथ ही पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।