संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। दिवाली पर सोमवार की शाम दुबई से घर पहुंचे गांव रोहणा निवासी युवक नवीन की सड़क हादसे में मौत हो गई जबकि उसका दोस्त घायल हो गया। घायल का पीजीआई रोहतक में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने मृतक के बड़े भाई सागर की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव रोहणा निवासी नवीन (28) दुबई में रहते थे और अपनी बुआ के लड़के के साथ मिलकर व्यवसाय करते थे। दिवाली पर वह सोमवार शाम को ही घर पहुंचे थे। वह अपने दोस्त विजय के साथ बाइक लेकर घूमने निकले थे। रात करीब 11:30 बजे परिजनों को दोनों के सड़क हादसे में घायल होने का पता लगा। इसके बाद नवीन के भाई सागर रोहणा से बरोणा मार्ग पर घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि एक पेड़ के पास नवीन और विजय घायल अवस्था में पड़े हैं। सागर का कहना है कि नवीन चोट लगने के कारण बोल नहीं पा रहे थे, जबकि विजय ने बताया कि बरोणा निवासी कुलदीप ने तेज रफ्तार से अपनी कार को चलाते हुए उनकी बुलेट बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हुए हैं। दोनों को घायल अवस्था में पीजीआई, रोहतक ले जाया गया।
जहां चिकित्सक ने नवीन को मृत घोषित कर दिया और विजय का इलाज चल रहा है।
्