फोटो . बैंक में तैयार करवाया गया डिमांड ड्राफ्ट दिखाते बसंत जैन। स्रोत: पाठक
सोनीपत। स्वर्णकार बसंत जैन ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह को देने के लिए 1.31 लाख रुपये का डिमांड ड्राफ्ट तैयार कराया है। उन्होंने यह कदम दिग्विजय सिंह की ओर से श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को दी गई दान राशि वापस मांगने की बात सामने आने के बाद उठाया है।
बसंत जैन ने बताया कि दिग्विजय सिंह के इस बयान से आहत होकर उन्होंने व्यक्तिगत रूप से दान राशि ब्याज सहित लौटाने का निर्णय लिया। उन्होंने कोटक महिंद्रा बैंक का डिमांड ड्राफ्ट संख्या 139205 तैयार कराया है। उन्होंने दिग्विजय सिंह के इस कदम को हिंदू धर्म को बदनाम करने वाला बताते हुए कहा कि हिंदू समाज उनके चंदे का मोहताज नहीं है।
बसंत जैन ने कहा कि उन्होंने 1.10 लाख रुपये की मूल राशि पर 20 हजार रुपये ब्याज जोड़कर कुल 1.31 लाख रुपये का डिमांड ड्राफ्ट बनवाया है। उन्होंने बताया कि वह व्यक्तिगत रूप से यह राशि सौंपने के लिए तैयार हैं। दिग्विजय सिंह से लिखित सहमति मिलने के बाद डिमांड ड्राफ्ट उपलब्ध कराया जाएगा।