सोनीपत। बार एसोसिएशन में चुनाव को लेकर सरगर्मी फिर शुरू हो गई हैं। बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा ने प्रदेश की सभी बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव का शेड्यूल जारी कर दिया है। चुनाव इस बार 28 फरवरी, 2025 को कराया जाएगा। सोनीपत के साथ ही गोहाना, खरखौदा, गन्नौर व राई की बार एसोसिएशन का चुनाव भी इसी दिन होगा। जिला बार एसोसिएशन में फिलहाल 1370 मतदाता हैं।
बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा के चेयरमैन डॉ. विजेंद्र सिंह अहलावत ने कहा कि पंजाब, हरियाणा एवं यूटी चंडीगढ़ के बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और कार्यकारी सदस्यों के वार्षिक चुनाव शुक्रवार 28 फरवरी 2025 को कराए जाएंगे। बार काउंसिल की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक जिला बार एसोसिएशन को 10 जनवरी तक फाइनल मतदाता सूची काउंसिल की वेबसाइट पर अपलोड करनी होगी। इसके बाद मतदाता सूची में फेरबदल नहीं किया जाएगा। स्टेट बार काउंसिल ने घोषणा की है कि यदि मौजूदा जिला बार एसोसिएशन चुनाव कराने में असफल रहती है तो एडहाक कमेटी गठित कर दी जाएगी। यह कमेटी चुनावी प्रक्रिया को अपने नियंत्रण में ले लेगी।
बार काउंसिल के सचिव करमजीत सिंह ने स्पष्ट किया कि सभी बार एसोसिएशन को अपने वित्तीय रिकॉर्ड का ऑडिट कराकर 7 फरवरी तक नोटिस बोर्ड पर प्रकाशित करना अनिवार्य होगा।
‘एक वोट, एक बार’के सिद्धांत पर होंगे चुनाव
खास बात यह है कि चुनाव पुरानी नियमावली-2015 के अनुसार ही होंगे। अगर कोई चुनाव निर्धारित नियमों और कार्यक्रम के उल्लंघन में होगा तो उसे अवैध माना जाएगा। ‘एक वोट, एक बार’के सिद्धांत को मानना होगा।
यह रहेंगे चुनाव प्रक्रिया के मुख्य बिंदु
-वह अधिवक्ता जो बार काउंसिल के साथ पंजीकृत हैं और 10 जनवरी 2025 तक वार्षिक सदस्यता का नवीनीकरण करवा लेंगे, वह मतदान के पात्र होंगे।
-बार एसोसिएशन 10 जनवरी 2025 तक पात्र मतदाताओं की सूची बार काउंसिल को भेजेंगी।
-24 जनवरी 2025 तक बार काउंसिल की तरफ से सूची संबंधित चुनाव अधिकारियों को जारी की जाएगी।
-27 जनवरी को सूची बार एसोसिएशनों के नोटिस बोर्ड पर प्रकाशित की जाएगी।
-मतदाता सूची पर कोई भी आपत्ति 1 फरवरी को शाम 4 बजे तक दर्ज कराई जा सकती है, उनका निपटारा बार काउंसिल की तरफ से 7 फरवरी तक किया जाएगा।
-उम्मीदवारों के नामांकन पत्र, जांच, नाम वापसी और अंतिम सूची का कार्यक्रम संबंधित बार एसोसिएशनों की तरफ से उनके नियमों के तहत घोषित किया जाएगा।
-बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा ने बार एसोसिएशन के चुनाव का शेड्यूल जारी कर दिया है। अब चुनाव की तैयारियां शुरू हो जाएगी। चुनाव अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे, जो नई वोटर लिस्ट को लेकर प्रक्रिया शुरू करेंगे।
- अनिल ढुल, प्रधान, जिला बार एसोसिएशन, सोनीपत