सोनीपत। नगर निगम कार्यालय में चालू वित्त वर्ष का बकाया गृह कर जमा करने के लिए तीन दिन बचे हैं। अब क्षेत्रीय कर अधिकारी ने गृह कर जमा न करने वाले प्राॅपर्टी मालिकों पर शिकंजा कसने शुरू कर दिया है।
शुक्रवार को चलाए गए अभियान के तहत 10 साल से बकाया 23 लाख रुपये गृह कर जमा न करने पर मुरथल रोड स्थित हरिप्रकाश बैंक्वेट हॉल को सील कर दिया है। साथ ही मुरथल जीटी रोड पर रॉयल ढाबा के संचालक को बकाया गृह कर जमा करने के लिए नोटिस जारी किया है।
नगर निगम करोड़ों रुपये गृह कर दबाए बैठे प्रॉपर्टी मालिकों को कई बार नोटिस जारी कर चुका है। उसके बाद भी डिफाल्टर प्रॉपर्टी मालिक समय पर गृह कर जमा नहीं कर रहे हैं। इसके कारण नगर निगम को आर्थिक नुकसान हो रहा है। नगर निगम ने चालू वित्त वर्ष में 40 करोड़ रुपये गृह कर वसूलने का निर्णय लिया था, जिसमें से अब तक आठ करोड़ ही जमा हो सके हैं।
गृह कर जमा करने के लिए 29 से 31 मार्च (अवकाश के दिन) को नगर निगम कार्यालय खुला रहेगा। उसके बाद गृह कर जमा करवाने वाले को नियमों के अनुसार 18 फीसदी जुर्माना देना होगा।
बकाया गृह कर जमा न कराने पर नगर निगम की टीम ने शिकंजा कसा। क्षेत्रीय कर अधिकारी राजेंद्र चुघ के नेतृत्व में टीम मुरथल रोड स्थित हरिप्रकाश बैंक्वेट हॉल पर पहुंची। वहां का गृह कर 10 साल से 23 लाख रुपये बकाया है।
संचालक की ओर से गृह कर जमा न कराने पर नगर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए बैंक्वेट हॉल सील कर दिया। साथ ही चेतावनी दी कि अगर सील तोड़ने की कोशिश की तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। उसके बाद टीम मुरथल जीटी रोड पर स्थित रॉयल ढाबा पर पहुंची।
ढाबा पर नगर निगम का 5.83 लाख रुपये गृह कर बकाया है। टीम ने ढाबा संचालक को गृह कर जमा कराने के लिए नोटिस जारी किया। उसके बाद टीम जीटी रोड पर स्थित कुबेर होटल संचालक पर पहुंची। बकाया गृह कर के लिए 10 लाख रुपये का चेक प्राप्त किया।
फोटो 17: सोनीपत के मुरथल रोड पर बैंक्वेट हॉल सील करते नगर निगम के क्षेत्रीय कर अधिकारी राजेंद्र