मौसेरी बहन को परेशान कर रहे एक युवक को रोकना बैंककर्मी को महंगा पड़ गया। आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। घायल बैंककर्मी को इलाज के लिए पीजीआई रोहतक में भर्ती करवाया गया है, जिसकी शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अंकित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहाना थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवक का कहना है कि वह एक बैंक में कर्मचारी है। खरखौदा थाना क्षेत्र के गांव का अंकित उसकी मौसेरी बहन को परेशान कर रहा था। उसने आरोपी को ऐसा करने से रोका था और कई बार उसे समझाने का भी प्रयास किया था, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। युवक का कहना है कि वह अपनी मौसी के साथ ही रविवार को अंकित के गांव में अपनी दूसरी मौसी के घर पर आया था। वह परिवार के सदस्यों से बात कर रहा था कि इसी दौरान अंकित घर में घुसा और जेब से चाकू निकालकर उस हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे पीजीआई रोहतक में भर्ती करवाया। वहीं घायल की शिकायत पर फरमाणा चौकी पुलिस ने अंकित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।